अपनी पीड़ा को दबाते हुए बिना किसी भेदभाव के सबका मनोरंजन करते रहे राजू: सीएम योगी

0 706

लखनऊ। विश्व प्रसिद्ध हास्य कलाकार और उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी ने कहा कि राजू श्रीवास्तव आज हमारे बीच में नहीं हैं, वह जीवन पर्यंत अपनी अपनी पीड़ा को दबाते हुए बिना किसी भेदभाव के सबका मनोरंजन करते रहे।

सीएम ने कहा कि राजू श्रीवास्तव ने हास्यकला की विधा को अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के माध्यम से उत्तर प्रदेश की परम्परागत कला की विधाओं के उत्थान में उनका सराहनीय योगदान रहा। अपनी अभिनव कला दक्षता के द्वारा जीवनपर्यंत समाज के हर तबके का मनोरंजन करने वाले राजू श्रीवास्तव का निधन उनके अनगिनत प्रशंसकों को दु:खी करने वाला है। मैं प्रदेशवासियों की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं। शोक संतृप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें सद्गति प्रदान करें यही प्रार्थना है।

बता दें कि दिल्‍ली के एम्‍स में 42 दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बुधवार 21 सितंबर की सुबह 58 साल की उम्र में राजू श्रीवास्तव का निधन हो गया। उनको 10 अगस्त को कार्डिएक अरेस्ट के बाद से एम्स में भर्ती किया गया था। वह तभी से कोमा में थे और उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालांकि, बीच में कई बार उनके शरीर में हरकत जरूर हुई, लेकिन वह होश में नहीं आ सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.