एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बुधवार को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने हड़कंप मचा दिया। कार सवार ने तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल आठ लोगों को रौंद दिया और भागते हुए पुलिस की जीप सहित तीन वाहनों को टक्कर मारकर खाई में पलट दिया। घटना रिजोर थाना क्षेत्र के बाकलपुर इलाके की बताई जा रही है।
स्विफ्ट कार ने बाइक सवारों को रौंदा
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कार सवार ने सामने आने वाले किसी को नहीं छोड़ा। सबसे पहले बाइक पर सवार एक किशोरी और दो अन्य को रौंदा। इसके बाद जब पुलिस ने थाने पर बैरिकेटिंग लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने बैरिकेटिंग तोड़ते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस की जीप और अन्य वाहन पलटे
पुलिस की जीप ने कार का पीछा किया तो स्विफ्ट कार ने पुलिस की जीप को टक्कर मारकर खाई में पलट दिया। इसके बाद ड्राइवर ने कैंटर और वैगनार कार को भी टक्कर मार दी, जिससे कुल तीन गाड़ियां खाई में पलट गईं। ड्राइवर के खौफनाक रवैये ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।
एटा पुलिस लाइन में निरीक्षक की मौत
वहीं, एटा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में ड्यूटी के दौरान पुलिस निरीक्षक राघवेंद्र सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई गई है। राघवेंद्र सिंह मूल रूप से औरैया जिले के निवासी थे और 1998 में उपनिरीक्षक पद पर भर्ती होकर 2016 में निरीक्षक बने थे। वे वर्तमान में साइबर थाना में तैनात थे।