Tamil Nadu Election 2026: भाजपा ने जारी की 27 उम्मीदवारों की सूची, तमिलिसाई से लेकर मुरुगन तक मैदान में उतरे दिग्गज
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सभी प्रमुख दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए 27 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है।
पार्टी ने इस सूची में कई अनुभवी और चर्चित चेहरों को टिकट देकर चुनावी रणनीति साफ कर दी है। खास तौर पर दक्षिण भारत की राजनीति में सक्रिय नेताओं को अहम सीटों से उतारा गया है।
दिग्गज नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
जारी सूची के मुताबिक, डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन को मायलापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं वनथी श्रीनिवासन को कोयंबटूर (उत्तर) और डॉ. एल. मुरुगन को अवनाशी (एससी) सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा कई अन्य सीटों पर भी पार्टी ने क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत माने जाने वाले नेताओं को मौका दिया है।
अवदी से एम. राजसिम्हा महिंद्रा, थल्ली से डॉ. नागेश कुमार, तिरुवन्नामलाई से सी. एलुमलाई, रासीपुरम (एससी) से डॉ. एस.डी. प्रेमकुमार, मोदक्कुरिची से कीर्तिका शिवकुमार और उधगमंडलम से भोजराजन को टिकट दिया गया है।
इसके साथ ही तिरुप्पुर (दक्षिण) से एस. थंगराज, तिरुवरुर से गोवी चंद्रू, तंजावुर से एम. मुरुगानंदम, पुदुक्कोट्टई से एन. रामचंद्रन और अरन्थांगी से कविता श्रीकांत को भी मैदान में उतारा गया है।
मदुरै दक्षिण से प्रो. रामा श्रीनिवासन, सत्तूर से नैनार नागेंथ्रान, रामनाथपुरम से जीबीएस के. नागेंद्रन और तिरुचेंदूर से केआरएम राधाकृष्णन को टिकट मिला है। वहीं नागरकोइल से एम.आर. गांधी, कोलाचेल से टी. शिवकुमार, पद्मनाभपुरम से पी. रमेश और विलावनकोड से एस. विजयधरानी को उम्मीदवार बनाया गया है।
एनडीए में सीटों का बंटवारा तय
तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के तहत सीट शेयरिंग फॉर्मूला भी तय हो चुका है। इसके मुताबिक एआईएडीएमके 167 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भाजपा 27 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है।
इसके अलावा पीएमके को 18 सीटें, एएमएमके को 11 सीटें, टीएमसी (एम) को 5 सीटें, आईजेके को 2 सीटें और अन्य सहयोगी दलों को 1-1 सीट दी गई है। इस बार गठबंधन के जरिए चुनाव को मुकाबलेदार बनाने की कोशिश की जा रही है।
एक चरण में होगा मतदान
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 4 मई को होगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए गठबंधन और विपक्षी गठबंधन के बीच माना जा रहा है, जिसमें डीएमके और कांग्रेस प्रमुख भूमिका में हैं। राज्य की सत्ता पर काबिज होने के लिए सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है और आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।