तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच एआईएडीएमके ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 127 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इससे पहले पार्टी 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी थी। इस तरह अब तक पार्टी कुल 150 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।
दूसरी सूची में कई अहम नाम शामिल
जारी सूची के अनुसार लीमा रोज को लालगुडी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वह लॉटरी कारोबारी मार्टिन की पत्नी हैं। वहीं पार्टी के एडवोकेट विंग के सचिव मंगुलम के. महेंद्रन को मदुरै ईस्ट सीट से मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा पेरिया पुल्लन को मेलूर विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले जारी पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट दिया गया था।
एनडीए के साथ मिलकर चुनावी मैदान में एआईएडीएमके
तमिलनाडु में एआईएडीएमके इस बार एनडीए गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है। सीट बंटवारे के तहत पार्टी ने अपने पास 178 सीटें रखी हैं। बीजेपी 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि पीएमके को 18 और एएमएमके को 11 सीटें दी गई हैं। इस समीकरण से साफ है कि गठबंधन में एआईएडीएमके प्रमुख भूमिका में है और चुनावी मुकाबले में खुद को मजबूत स्थिति में रखने की कोशिश कर रही है।
एक चरण में मतदान, 4 मई को नतीजे
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि एआईएडीएमके गठबंधन, डीएमके गठबंधन के सामने कितना मजबूत प्रदर्शन कर पाता है।