“जिस दिन बोर हो जाऊंगा, तभी छोड़ूंगा क्रिकेट”, मोहम्मद शमी ने संन्यास अटकलों पर दिया साफ जवाब

0 42

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है। टीम इंडिया से लंबे समय तक बाहर रहने के बावजूद शमी ने स्पष्ट किया कि वे अभी क्रिकेट छोड़ने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं। उनकी इस बेबाक प्रतिक्रिया से फैंस को बड़ी राहत मिली है।

संन्यास पर बेबाक बयान
द शुभांकर मिश्रा शो में बातचीत के दौरान शमी से जब उनके रिटायरमेंट की योजना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा, ‘अभी मैं रिटायरमेंट के बारे में सोच भी नहीं रहा हूं। उस दिन जब मुझे लगेगा कि मैं बोर हो गया हूं या आलस आ रहा है, उसी दिन मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा।’ शमी ने यह भी कहा कि जब तक शरीर साथ दे रहा है और खेल के प्रति जुनून बरकरार है, तब तक मैदान पर बने रहना चाहिए।

सेलेक्शन और भविष्य की रणनीति
बीसीसीआई चयनकर्ताओं द्वारा लगातार नजरअंदाज किए जाने के सवाल पर शमी ने अपने रवैये पर जोर दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलने वाले शमी ने कहा, ‘बतौर गेंदबाज मैं अपना 100 प्रतिशत दूँगा। मैं अपनी किस्मत नहीं बदल सकता, लेकिन अपने प्रयास और पक्के इरादे से टीम में योगदान दे सकता हूं।’ उनका आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में WTC फाइनल में था, जबकि वनडे और टी20 में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच उन्होंने 2025 की शुरुआत में खेले थे।

मोहम्मद शमी का करियर ग्राफ
शमी ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में अपनी गेंदबाजी से बड़ा प्रभाव छोड़ा है।
टेस्ट: 64 मैच, 229 विकेट (आखिरी मैच: जून 2023)
वनडे: 108 मैच, 206 विकेट (आखिरी मैच: मार्च 2025)
टी20: 25 मैच, 26 विकेट (आखिरी मैच: फरवरी 2025)

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.