IPL 2026 का पहला डबल हेडर आज, दोपहर से रात तक रोमांच—जानिए कब, कहां और कैसे देखें मुकाबले

0 37

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अब तेज हो चुका है। शुरुआती मुकाबलों के बाद आज सीजन का पहला डबल हेडर खेला जाएगा, जिसमें चार टीमें मैदान में उतरेंगी। एक मुकाबला दोपहर में और दूसरा शाम को खेला जाएगा, जिससे क्रिकेट फैंस को पूरे दिन एक्शन देखने का मौका मिलेगा।

दोपहर 3:30 बजे: दिल्ली और मुंबई की भिड़ंत
डबल हेडर का पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपने-अपने पिछले मैच जीतकर आ रही हैं, ऐसे में आज किसी एक टीम की जीत की लय टूटेगी, जबकि दूसरी टीम लगातार दूसरी जीत दर्ज करेगी।

मुंबई की टीम पिछले मैच में बल्लेबाजी के दम पर जीती थी, जहां रोहित शर्मा ने अर्धशतक लगाया था। हालांकि गेंदबाजी कुछ खास असरदार नहीं रही थी। वहीं दिल्ली की टीम गेंदबाजी में मजबूत नजर आई, लेकिन उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।

यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 3 बजे होगा। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में बारिश देखने को मिल रही थी, लेकिन आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग की जानकारी
दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

शाम 7:30 बजे: गुजरात और राजस्थान आमने-सामने
दिन का दूसरा मुकाबला गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। राजस्थान की टीम ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई को एकतरफा अंदाज में हराया था, जिसमें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम का दबदबा रहा।

वहीं गुजरात टाइटंस को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इस मैच में जीत दर्ज कर वापसी करने के इरादे से उतरेगी।

यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा।

यहां देखें GT vs RR मुकाबला
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले इस मैच का लाइव प्रसारण भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। वहीं दर्शक जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.