होर्मुज स्ट्रेट में सख्त नाकाबंदी के बीच जहाजों का खेल, कड़ी निगरानी के बावजूद कैसे बच निकल रहे कैप्टन?

0 31

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट दुनिया की सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में से एक बना हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के कारण यहां कड़ी नाकाबंदी लागू है, यहां तक कि समुद्र के भीतर माइंस बिछाए जाने की भी खबर है। इसके बावजूद, हैरानी की बात यह है कि कई जहाज इस खतरनाक रास्ते को पार करने में कामयाब हो रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, फारस की खाड़ी में फंसे जहाजों के कैप्टन ऐसे तरीके अपना रहे हैं, जिनसे वे निगरानी से बचकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर पा रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अब तक करीब 20 जहाज इस मार्ग से निकल चुके हैं, जबकि कुछ जहाज कार्रवाई की जद में भी आए हैं। तीन जहाजों को रोका गया, जिनमें से दो ईरान और एक अमेरिका के नियंत्रण में बताया जा रहा है।

कैसे चकमा दे रहे जहाज, अपनाए जा रहे खास तरीके

पहला तरीका समूह में चलने का है। रिपोर्ट के अनुसार, तीन से चार जहाज एक साथ गठजोड़ बनाकर निकल रहे हैं, जिससे उन पर बड़े हमले की आशंका कम हो जाती है। फिलहाल हमले छोटे स्तर पर नावों के जरिए किए जा रहे हैं, जबकि अमेरिका ने अपने युद्धपोत तैनात तो किए हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।

दूसरा तरीका तकनीकी है। कई जहाज अपने लोकेशन सिस्टम को बंद कर देते हैं और रडार से संपर्क तोड़ लेते हैं। इससे उनकी रियल टाइम लोकेशन ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है और वे निगरानी से बच निकलते हैं।

तीसरा तरीका समय और गति से जुड़ा है। ज्यादातर जहाज देर रात कम दृश्यता के दौरान निकलने की कोशिश करते हैं, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके साथ ही वे तेज रफ्तार बनाए रखते हैं, जिससे पीछा करना मुश्किल हो जाता है।

एशियाई जहाजों की बढ़ी मौजूदगी, पश्चिमी देशों ने बनाया दूरी

रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले अधिकांश जहाज एशियाई देशों से जुड़े हैं। इसके विपरीत, यूरोप और अमेरिका के जहाज फिलहाल जोखिम लेने से बच रहे हैं और पीछे हट गए हैं।

वहीं, ईरान के तेल टैंकरों की आवाजाही भी जारी है, जिन्हें ट्रैक करना अमेरिका के लिए चुनौती बना हुआ है। बताया जा रहा है कि ईरान के कई जहाज चीन से आ रहे हैं, जिनके जरिए विभिन्न सामग्रियों की आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा, फारस की खाड़ी से निकलने वाले जहाजों पर बड़ी मात्रा में तेल और गैस लदी होती है।

संवेदनशील बना वैश्विक समुद्री मार्ग

होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का अहम मार्ग है, और यहां बढ़ती अस्थिरता का असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल बाजार पर भी पड़ सकता है। मौजूदा हालात में यह साफ है कि जोखिम के बावजूद समुद्री गतिविधियां पूरी तरह थमी नहीं हैं, बल्कि नए तरीके अपनाकर जारी रखी जा रही हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.