मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

0 17

गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों, सेवाओं और योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि है, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

टीकाकरण अभियान समेत योजनाओं की प्रगति पर फोकस
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेंद्र कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों और विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक जनपद के स्कूलों में टीडी और डीपीटी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की स्थिति से भी अवगत कराया गया।

स्वास्थ्य रैंकिंग सुधारने के लिए सख्त निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद की स्वास्थ्य रैंकिंग में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लॉक स्तर पर नियमित डेटा वैलिडेशन बैठकें आयोजित की जाएं और समयबद्ध व शुद्ध डेटा पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही टेलीमेडिसिन और संस्थागत प्रसव सेवाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा योजना के तहत भंगेल और बादलपुर में कम भुगतान पाए जाने पर संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और एचपीवी टीकाकरण पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने और उन्हें टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

अस्पतालों में दवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और स्वास्थ्य इकाइयों में साफ-सफाई की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मंजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय राणा, नोडल अधिकारी डॉ आर पी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ उबेद कुरैशी, डॉ जैसलाल, डीएमओ श्रुति कीर्ति वर्मा सहित सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.