UP Weather AQI Today: पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने रात का पारा फिर गिरा दिया है। आठ दिसंबर के बाद से लगातार पांचवें दिन भी न्यूनतम तापमान में कमी हुई। सीजन (नवंबर व दिसंबर) का सबसे कम न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि बर्फबारी काफी हुई है। यदि उत्तर पश्चिमी हवाएं चलती रहीं तो ठिठुरन बढ़ेगी।
पिछले पांच दिनों में करीब 04 डिग्री न्यूनतम पारा गिरा है। पिछले 72 घंटों से रात का पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। इसी तरह लगातार तीसरे दिन अधिकतम पारा गिरने का ट्रेंड भी जारी है। अच्छी धूप के बावजूद दिन का पारा 24.2 डिग्री पहुंच गया। अभी भी अधिकतम और न्यूनतम पारा के बीच का अंतर अधिक है। इस कारण ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास नहीं हो रहा है।

हवा की रफ्तार भी बेहद सुस्त
बर्फबारी के बाद लगातार उत्तर पश्चिमी हवाएं तो चल रही हैं पर इनकी गति काफी कम है। सिर्फ 1.2 किमी प्रति घंटा की औसत रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इतनी कम गति से चल रहीं हवाओं के कारण सर्दी का अहसास नहीं बढ़ रहा है। फिलहाल सिर्फ न्यूनतम पारा ही तेजी से गिर रहा है। इस कारण गलन भरी सर्दी से राहत मिली हुई है।
हवा की सेहत में सुधार नहीं
हवा की सेहत में सुधार नहीं हो पा रहा है। धीरे-धीरे प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। 72 घंटों से लगातार प्रदूषण बढ़ा है। कई शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अब भी 300 के पार दर्ज हो रहा है। हवा की गुणवत्ता इन इलाकों में बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सर्वाधिक प्रदूषित क्षेत्र ग्रेटर नोएडा का रहा। यहां का एक्यूआई अधिकतम 341 तक पहुंच गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। धूल-धुआं की मात्रा अधिकतम 329 माइक्रोन प्रति घन मीटर पहुंच गई। इसके अलावा नोएडा, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद का एक्यूआई भी 300 के पार दर्ज किया गया है।