राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पिछले छह साल में मार्च का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में भारी गिरावट देखी गई, जिससे राजधानीवासियों को ठंड का अहसास हुआ। इसी के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 93 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। लगभग पांच महीने बाद दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिला है।
2023 के बाद मार्च में सबसे अधिक बारिश
शहर में शुक्रवार को दिन में 7 मिमी बारिश हुई, जिससे मार्च महीने में अब तक कुल औसत बारिश 16.2 मिमी हो गई है। यह 2023 के बाद तीन सालों में सबसे अधिक बारिश वाला मार्च महीना बन गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से 23 मार्च तक दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
ईद के दिन मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने बताया कि देशभर में 23 मार्च को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की ठंड का एहसास रहेगा।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान की जानकारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले आठ मार्च, 2020 को तापमान 21.2 डिग्री और नौ अक्टूबर, 2025 को AQI 99 रिकॉर्ड किया गया था।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों का तापमान
- पालम: अधिकतम 21.2 डिग्री (सामान्य से 9 डिग्री नीचे), न्यूनतम 14.7 डिग्री
- लोधी रोड: अधिकतम 21.0 डिग्री (सामान्य से 10.7 डिग्री नीचे), न्यूनतम 15.8 डिग्री
- रिज: अधिकतम 21.1 डिग्री, न्यूनतम 15.1 डिग्री
- आयनगर: अधिकतम 21.5 डिग्री, न्यूनतम 16 डिग्री
- सफदरजंग: न्यूनतम 16 डिग्री
इस शीतल लहर के बीच ईद पर मौसम उत्सव के मूड को हल्का ठंडा और बादलों वाला बना सकता है, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल कम बताई गई है।