यूपी में नौकरी की भरमार, 5 जिलों में लगेगा रोजगार मेला, 1 लाख युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर, जानिए पूरी डिटेल

0 157

इस साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के 5 जिलों में मंडल स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में प्राइवेट सेक्टर की कंपनियां लगभग एक लाख युवाओं को मौके पर ही रोजगार उपलब्ध कराएंगी। सरकार के एक बयान में यह बात कही गई।

कौशल विकास मिशन के तहत लगेगा रोजगार मेला
यूपी सरकार के बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत राज्य सरकार कौशल प्रशिक्षण, उद्योग सहभागिता और रोजगार मेलों के समन्वित मॉडल के जरिए लाखों युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से काम कर रही है। सरकार की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए साल 2026 की शुरुआत में प्रदेश के 5 जिलों में मंडल स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

मौके पर ही मिलेगा ऑफर लेटर
इन रोजगार मेलों के माध्यम से बड़ी संख्या में प्राइवेट सेक्टर की कंपनियां लगभग एक लाख युवाओं को मौके पर ही रोजगार उपलब्ध कराएंगी। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना, पलायन को रोकना और प्रदेश को एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाना है।

सीएम योगी के मार्गदर्शन में हो रहा ये सब
उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार कौशल प्रशिक्षण को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रही है, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।

औसतन 100 कंपनियां भाग लेंगी
मंत्री अग्रवाल ने कहा इस माह आयोजित किए जा रहे प्रत्येक रोजगार मेले में औसतन 100 कंपनियां भाग लेंगी और करीब 20 हजार युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जाएगा। इस तरह पांचों रोजगार मेलों के माध्यम से एक लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है।

अब तक 2.26 लाख से अधिक ग्रामीण युवाओं को मिला रोजगार
सरकार के अनुसार, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित 1,624 रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 2.26 लाख से अधिक ग्रामीण युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.