दृश्यम और अंधाधुन को भी पीछे छोड़ देगी ये 2 घंटे 19 मिनट की फिल्म, क्राइम और माइंड गेम का ऐसा खेल कि आखिर तक थम जाएंगी सांसें
क्राइम और सस्पेंस-थ्रिलर फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। सिनेमाघरों से लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म तक, हर हफ्ते नई कहानियां दर्शकों के सामने आ रही हैं। इसी भीड़ में एक ऐसी फिल्म है, जो बिना शोर-शराबे के आई, लेकिन अपनी कहानी और ट्रीटमेंट से दर्शकों के दिमाग पर गहरी छाप छोड़ गई। 2 घंटे 19 मिनट की यह फिल्म हर सीन के साथ बेचैनी बढ़ाती है और अंत तक स्क्रीन से नजर हटने नहीं देती। कहानी मासूम बच्चियों के गायब होने से शुरू होती है और धीरे-धीरे एक खौफनाक सच्चाई से पर्दा उठाती है।
खौफ, इमोशन और सस्पेंस का जबरदस्त कॉम्बिनेशन
इस फिल्म की ताकत इसकी कहानी है, जो रहस्य, डर और भावनाओं का खतरनाक मेल पेश करती है। यहां सस्पेंस सिर्फ चौंकाने के लिए नहीं, बल्कि इंसानी संवेदनाओं और इंसाफ की तड़प से जुड़ा हुआ है। हर फ्रेम में तनाव साफ महसूस होता है और जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दर्शक खुद को किरदारों के साथ जुड़ा हुआ पाता है। दमदार अभिनय और टाइट स्क्रीनप्ले फिल्म को एक अलग स्तर पर ले जाते हैं। यही वजह है कि इसके सामने कई बड़ी बजट की मसाला और सस्पेंस-थ्रिलर फिल्में फीकी नजर आती हैं।
हिंदी में भी उपलब्ध है ये दमदार थ्रिलर
हालांकि यह फिल्म मूल रूप से तमिल भाषा में बनी है, लेकिन हिंदी दर्शकों के लिए भी इसे आसानी से देखा जा सकता है। ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर यह फिल्म हिंदी में उपलब्ध है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी कहानी हकीकत से काफी करीब लगती है। मेकर्स ने हर छोटी-बड़ी डिटेल पर बारीकी से काम किया है, जिससे कहानी और ज्यादा असरदार बनती है। फिल्म में बच्चियों के अपहरण और उनके साथ होने वाले जघन्य अपराध जैसे संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ दिखाया गया है।
क्या है फिल्म ‘चित्था’ की कहानी
‘चित्था’ की कहानी 5-6 साल की मासूम बच्ची सुंदरी के इर्द-गिर्द घूमती है। सुंदरी के पिता की मौत हो चुकी है और वह अपनी मां और चाचा के साथ रहती है। परिवार की जिंदगी सामान्य चल रही होती है, तभी सुंदरी के स्कूल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म होता है और आरोप उसके चाचा पर लग जाता है। इन आरोपों और सामाजिक दबाव के बीच एक दिन सुंदरी का अचानक किडनैप हो जाना कहानी को खौफनाक मोड़ पर ले जाता है। जांच के दौरान सामने आता है कि असली गुनहगार कोई और है। इसके बाद फिल्म उस संघर्ष को दिखाती है, जिसमें चाचा का किरदार पुलिस के साथ मिलकर असली अपराधी तक पहुंचने की कोशिश करता है।
कम बजट, बड़ा असर और अवॉर्ड्स की झड़ी
‘चित्था’ साल 2023 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ अभिनेता सिद्धार्थ ने इसे प्रोड्यूस भी किया है। निर्देशन की कमान एस. यू. अरुण कुमार ने संभाली है। 2 घंटे 19 मिनट की इस फिल्म में सिद्धार्थ के साथ निमिषा सजयन लीड रोल में नजर आती हैं। करीब 5 करोड़ रुपये के लो बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 12.36 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके अलावा फिल्म ने 69वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ समेत कुल 7 बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। आईएमडीबी पर फिल्म को 8.2 की दमदार रेटिंग मिली है, जो इसे बेहतरीन थ्रिलर फिल्मों की लिस्ट में मजबूती से शामिल करती है।