अंतरिक्ष से ली गई भारत की कुछ शानदार तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर हर भारतीय का दिल गर्व से भर सकता है। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) ने भारत की रात में ली गई खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में अरब सागर और हिमालय क्षेत्र के ऊपर से गुजरते समय पूरा भारत हजारों शहरों की रोशनी से चमकता हुआ दिखाई देता है।
इन तस्वीरों में अंधेरी रात के बीच भारत का भूभाग रोशनी के जाल की तरह जगमगाता नजर आता है। बड़े शहरों की तेज रोशनी और उनसे जुड़े राजमार्ग साफ दिखाई देते हैं, जबकि छोटे-छोटे रोशनी के समूह देश के कस्बों और गांवों को दिखाते हैं। यह दृश्य इतना सुंदर है कि इसे देखकर लोग सोशल मीडिया पर ‘आई लव माई इंडिया’ लिख रहे हैं।
ISS ने सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर ये तस्वीरें साझा की गई हैं। पोस्ट में लिखा गया कि यह तस्वीर उस समय ली गई जब अंतरिक्ष स्टेशन अरब सागर और हिमालय के ऊपर से गुजर रहा था। रात के समय ली गई इस तस्वीर में भारत का शहरी इलाका रोशनी से चमकता हुआ साफ दिखाई देता है।
तस्वीरों में रोशनी का जाल पूरे देश में फैला हुआ नजर आता है, जो बड़े शहरों को राजमार्गों के जरिए जोड़ता हुआ दिखाई देता है। वहीं छोटे-छोटे उजाले देश के अलग-अलग हिस्सों में बसे कस्बों और गांवों को दर्शाते हैं।
कैसे ली जाती हैं अंतरिक्ष से पृथ्वी की तस्वीरें
अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्री खास डिजिटल कैमरों की मदद से रात के समय पृथ्वी की तस्वीरें लेते हैं। इन कैमरों में लंबे एक्सपोज़र की सुविधा होती है, जिससे शहरों की रोशनी, तटरेखाएं और भूगोल से जुड़ी कई खास चीजें साफ दिखाई देती हैं।
जब अंतरिक्ष स्टेशन पृथ्वी की परिक्रमा करता है, तब इसी तकनीक की मदद से पृथ्वी के अलग-अलग हिस्सों की विस्तृत तस्वीरें कैद की जाती हैं।
क्या है इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पृथ्वी की कक्षा में मौजूद एक बड़ी अंतरिक्ष प्रयोगशाला है। यहां से अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी और अंतरिक्ष से जुड़े कई वैज्ञानिक प्रयोग करते हैं। यह स्टेशन पृथ्वी से करीब 370 किलोमीटर से 460 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्कर लगाता है।
यह अंतरिक्ष स्टेशन लगभग हर 90 मिनट में पृथ्वी की एक परिक्रमा पूरी कर लेता है। यहां से ली गई उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें समय-समय पर सोशल मीडिया पर साझा की जाती हैं, जिनमें पृथ्वी के दुर्लभ और बेहद खूबसूरत दृश्य देखने को मिलते हैं।
15 देशों की साझेदारी से बना अंतरिक्ष स्टेशन
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीकी विकास का एक बड़ा केंद्र माना जाता है। यह पृथ्वी के बाहर मनुष्यों का एकमात्र स्थायी निवास स्थान भी है। इसे 1998 में अमेरिका, रूस, कनाडा, जापान और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के सहयोग से शुरू किया गया था।
आकार में यह लगभग एक फुटबॉल मैदान जितना बड़ा है और इसका वजन एक पूरी तरह भरे बोइंग 747 विमान के बराबर बताया जाता है। दुनिया के 15 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाली पांच अंतरिक्ष एजेंसियां मिलकर इसका संचालन करती हैं।