दुनिया की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी Toyota के लिए आने वाला समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कंपनी के सीईओ Koji Sato ने हाल ही में एक सप्लायर समिट में भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा कि अगर मौजूदा हालात में जरूरी बदलाव नहीं किए गए, तो कंपनी के लिए टिके रहना मुश्किल हो जाएगा।
इस समिट में 484 सप्लायर कंपनियां शामिल हुई थीं, जहां सातो ने इंडस्ट्री में तेजी से बदलते माहौल को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल सेक्टर इस वक्त अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है और हर स्टेकहोल्डर को इस संकट की गंभीरता समझनी होगी।
इलेक्ट्रिक वाहनों की रेस में बढ़ता दबाव
Koji Sato ने खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों और नई टेक्नोलॉजी को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा को सबसे बड़ी चुनौती बताया। उनका कहना है कि चीन की कंपनियां तेजी से कम लागत में एडवांस फीचर्स वाले इलेक्ट्रिक वाहन तैयार कर रही हैं, जिससे पारंपरिक ऑटो कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है।
सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन ही नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर आधारित गाड़ियों की ओर बढ़ता रुझान, वैश्विक टैरिफ की जटिलता और सप्लाई चेन में आ रही लगातार बाधाएं भी इस संकट को और गहरा कर रही हैं। इन सभी कारणों से इंडस्ट्री दशकों के सबसे कठिन दौर में पहुंच चुकी है।
क्वालिटी स्टैंडर्ड में बदलाव की तैयारी
मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए Toyota अब अपनी उत्पादन रणनीति में बदलाव पर विचार कर रही है। कंपनी अपने सख्त क्वालिटी स्टैंडर्ड्स का पुनर्मूल्यांकन कर रही है, खासकर उन हिस्सों में जो सीधे तौर पर दिखाई नहीं देते।
इस कदम का मकसद उत्पादन में होने वाली अनावश्यक बर्बादी को कम करना और लागत घटाना है। साथ ही इससे उत्पादन की गति भी बढ़ाई जा सकेगी। कंपनी का मानना है कि इससे क्वालिटी से समझौता किए बिना प्रतिस्पर्धा में बने रहने में मदद मिलेगी।
रिकॉर्ड सेल के बावजूद खतरे की घंटी
पिछले साल Toyota ने वैश्विक स्तर पर 11 मिलियन से ज्यादा वाहनों की बिक्री कर रिकॉर्ड बनाया था। इसके बावजूद कंपनी खुद को सुरक्षित स्थिति में नहीं मान रही है। इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों का बढ़ता दबदबा और टेक्नोलॉजी की बढ़ती लागत Toyota के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं।
नेतृत्व में बदलाव, नई रणनीति की तैयारी
कंपनी में नेतृत्व स्तर पर भी बदलाव होने जा रहा है। Koji Sato के बाद अब Kenta Kon नए सीईओ के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने भी संकेत दिए हैं कि बदलते बाजार के मुताबिक कंपनी को अपनी रणनीति में बड़े बदलाव करने होंगे।