मोगा में दर्दनाक हादसा: बाइक दुर्घटना में युवक की मौत, शव देखते ही चाची की भी हृदयगति रुकने से गई जान

0 18

मोगा। पंजाब के मोगा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। कस्बा बधनी कलां के पास रविवार को हुए हादसे में बाइक सवार युवक की गर्दन का मनका टूटने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जब परिवार की चाची ने भतीजे का शव देखा तो उन्हें गहरा सदमा लगा और उनकी भी हृदयगति रुकने से मौत हो गई।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक बीड बधनी की रहने वाली हरदीप कौर ने बताया कि गांव घलकलां में परमजीत की बुआ की बेटी की शादी आठ मार्च को थी। शादी से पहले सात मार्च को गांव घलकलां में आयोजित जागो कार्यक्रम में पूरा परिवार शामिल होने गया था।

कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य कार से लौट रहे थे, जबकि परमजीत सिंह मोटरसाइकिल से घर वापस आ रहा था।

सड़क पर गड्ढा आने से अनियंत्रित हुई बाइक

बताया गया कि जैसे ही परमजीत सिंह की मोटरसाइकिल बधनी कलां के पास पहुंची, सड़क पर गड्ढा आने के कारण बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि गिरते ही परमजीत सिंह की गर्दन का मनका टूट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

भतीजे का शव देखकर चाची को लगा सदमा

पीछे आ रही कार में परमजीत की चाची कुलविंदर कौर भी मौजूद थीं। जब उन्होंने मौके पर अपने भतीजे का शव देखा तो वह गहरे सदमे में आ गईं। बताया जा रहा है कि सदमे के कारण उनकी हृदयगति रुक गई और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही घटना में परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आसपास के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.