उत्तर प्रदेश के हापुड़ में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। बारातियों से भरी मिनी बस और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धौलाना थाना क्षेत्र के धौलाना-गुलावठी मार्ग पर हुआ, जहां टक्कर इतनी भयानक थी कि बस ट्रक के नीचे दबकर बुरी तरह पिचक गई।
निकाह से लौट रही थी बारात, रास्ते में मचा कोहराम
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के डासना निवासी यूनिस कुरैशी के बेटे की बारात बुलंदशहर के गुलावठी गई थी। निकाह की रस्में पूरी होने के बाद देर रात करीब 1:30 बजे बाराती मिनी बस से वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस धौलाना क्षेत्र में अरविंद डेयरी के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गए।
बस में फंसे लोगों को निकालने में लगा एक घंटा
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन बस ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई थी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रक को हटाया गया और घायलों को बाहर निकाला जा सका। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
प्रशासन मौके पर, घायलों का जारी इलाज
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की समीक्षा की। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
इन लोगों की गई जान
इस हादसे में सोनू (पुत्र जहीर), यूसुफ (पुत्र बशीर), अख्तर (पुत्र हमीद), यूनुस (पुत्र कदीर), मुन्ना (पुत्र मेहरबान) और बस चालक अशोक (पुत्र रतिराम) की मौत हुई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की वजह की जांच जारी
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या रात के समय कम दृश्यता माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि आखिर दुर्घटना किसकी लापरवाही से हुई।
खुशी से मातम में बदला माहौल
जिस घर में कुछ घंटों पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अस्पताल परिसर में भी शोक का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।