एपस्टीन फाइल विवाद के बीच ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को हटाया, डिप्टी टॉड ब्लांश बने कार्यवाहक

0 21

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को पद से हटा दिया है। यह कदम तब आया जब जेफ्री एपस्टीन फाइलों के मामले को संभालने के तरीके को लेकर विवाद बढ़ रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप लंबे समय से बॉन्डी के कामकाज से नाराज थे, विशेष रूप से एपस्टीन से जुड़े मामलों के प्रबंधन को लेकर उनकी असंतुष्टि बढ़ती जा रही थी।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर बॉन्डी के हटाए जाने की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “पाम एक महान अमेरिकी देशभक्त और मेरी वफादार मित्र रही हैं। उन्होंने पूरे देश में अपराध के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई की, जिससे हत्याओं की संख्या 1900 के बाद सबसे कम स्तर पर आई। हम पाम से बहुत प्यार करते हैं और अब वह प्राइवेट सेक्टर में एक नई महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।” ट्रंप ने यह भी बताया कि पाम बॉन्डी के डिप्टी टॉड ब्लांश को अब कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल बनाया गया है।

विरोधियों के निशाने पर थीं बॉन्डी

जानकारी के अनुसार, पाम बॉन्डी ने अपने कार्यकाल की शुरुआत इस वादे के साथ की थी कि वे न्याय विभाग को राजनीति से दूर रखेंगी। लेकिन बाद में उन्होंने ट्रंप के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ जांच शुरू की, जिसे लेकर आलोचना हुई। आलोचकों ने कहा कि न्याय विभाग का इस्तेमाल राष्ट्रपति के राजनीतिक और निजी हितों के लिए किया जा रहा है। एपस्टीन फाइल्स से जुड़े मामलों की हैंडलिंग और उनके निर्णय लेने के तरीके को लेकर उपजे विवादों के बीच ट्रंप उनकी कार्यशैली से नाराज चल रहे थे।

पाम बॉन्डी के करियर और अहम पद

पाम बॉन्डी फ्लोरिडा राज्य की पूर्व अटॉर्नी जनरल रह चुकी हैं और लंबे समय से ट्रंप की करीबी सहयोगी मानी जाती हैं। वे ट्रंप के पहले महाभियोग ट्रायल के दौरान उनकी कानूनी टीम का हिस्सा भी रही हैं। अमेरिका की अटॉर्नी जनरल के रूप में करीब एक साल से अधिक समय तक कार्यरत बॉन्डी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए, लेकिन उनके फैसलों को लेकर विवाद लगातार बना रहा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.