युद्धविराम प्रस्ताव ठुकराने पर ट्रंप का कड़ा रुख, ईरान को दी चेतावनी—‘अब भी संभल जाओ, वरना देर हो जाएगी’

0 94

नई दिल्ली: अमेरिका के 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव को ईरान द्वारा खारिज किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। इस घटनाक्रम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि बातचीत में गंभीरता दिखाए, अन्यथा हालात और बिगड़ सकते हैं।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ईरान के वार्ताकारों पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि ईरानी बातचीत करने वाले “अलग और अजीब” हैं और उन्हें जल्द ही गंभीर होना चाहिए, क्योंकि अगर देर हो गई तो पीछे हटने का कोई रास्ता नहीं बचेगा।

ईरान ने ठुकराया अमेरिका का प्रस्ताव
इससे पहले ईरान ने पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम के लिए अमेरिका के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद क्षेत्र में तनाव और तेज हो गया है। ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों पर हमले तेज कर दिए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गई। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब इजरायल ने तेहरान पर हवाई हमले किए और अमेरिका ने क्षेत्र में पैराट्रूपर्स और अतिरिक्त मरीन सैनिकों की तैनाती की है।

ईरान का साफ रुख—अपनी शर्तों पर ही खत्म होगा युद्ध
ईरान के सरकारी समाचार प्रसारक ‘प्रेस टीवी’ ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि तेहरान ने अमेरिकी प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। अधिकारी के अनुसार, ईरान युद्ध तभी समाप्त करेगा जब उसकी शर्तें पूरी होंगी।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान पश्चिम एशिया में अपने हमले जारी रखेगा और किसी दबाव में झुकने का संकेत नहीं दिया है।

15 सूत्रीय प्रस्ताव में क्या-क्या शामिल
ईरान को भेजे गए प्रस्ताव में कई अहम बिंदु शामिल बताए गए हैं। पाकिस्तान के अधिकारियों के मुताबिक, इसमें प्रतिबंधों में राहत, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करना, मिसाइल क्षमता पर नियंत्रण और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

यह जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है, जहां से दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल का निर्यात होता है। मध्यस्थता में शामिल एक मिस्र के अधिकारी के अनुसार, प्रस्ताव में क्षेत्रीय सशस्त्र समूहों को ईरान के समर्थन पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।

क्षेत्र में बढ़ता सैन्य तनाव
ईरान-इजरायल के बीच जारी टकराव और अमेरिका की सैन्य तैनाती के चलते पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। ताजा घटनाओं ने इस संघर्ष को और गंभीर बना दिया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.