‘धुरंधर’ की बॉक्स ऑफिस पर सुनामी जारी, 22वें दिन भी बरकरार रफ्तार; 77 करोड़ दूर ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड
नई दिल्ली। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार दमदार प्रदर्शन कर रही है और दुनियाभर में अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाई-थ्रिलर अब ग्लोबल कलेक्शन के मामले में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है।
22वें दिन भी फिल्म की मजबूत कमाई, वर्ल्डवाइड आंकड़ा 1665 करोड़ पार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने 22वें दिन यानी गुरुवार को भी शानदार प्रदर्शन किया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने एक दिन में 11.56 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,665.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने अब तक 410 करोड़ रुपये का मजबूत बिजनेस किया है।
धीमी रफ्तार के बावजूद जारी है दबदबा
हालांकि 21वें दिन फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन इसके बावजूद यह कई बड़ी फिल्मों के लिए चुनौती बनी हुई है। लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए फिल्म ने भारतीय सिनेमा की टॉप ग्रॉसिंग फिल्मों की सूची में अपनी जगह मजबूत कर ली है।
‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड से 77 करोड़ दूर
अब फिल्म की नजर अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2’ के वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड पर है, जिसने कुल 1,742.10 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था। मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से ‘धुरंधर’ को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए लगभग 77 करोड़ रुपये की और जरूरत है।
आने वाले दिनों में बढ़ सकती है कमाई
फिल्म के लिए फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला नहीं है, जिससे इसके कलेक्शन में और उछाल आने की संभावना जताई जा रही है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले वीकेंड में फिल्म की कमाई में फिर से तेजी देखी जा सकती है।