UP चुनाव 2027 के लिए भाजपा का बड़ा प्लान! सभी 403 सीटों पर नजर रखेंगे 40 पर्यवेक्षक, कमजोर क्षेत्रों पर अमित शाह का फोकस
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों की कमान संभाल सकते हैं। उनके संभावित दौरों के दौरान संगठन की स्थिति, स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और चुनावी रणनीति की समीक्षा की जाएगी। संकेत हैं कि भाजपा अपने अभियान की शुरुआत पूर्वांचल से कर सकती है।
403 विधानसभा सीटों के लिए 40 पर्यवेक्षक तैनात करने की तैयारी
मिशन-2027 के तहत भाजपा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी गतिविधियों की निगरानी और जनसंपर्क अभियान तेज करने की योजना बनाई है। इसके लिए 40 वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है। प्रत्येक पर्यवेक्षक को दो जिलों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों पर नजर रखने और चुनावी तैयारियों का जायजा लेने का दायित्व दिया जाएगा।
ये पर्यवेक्षक गांव-गांव चौपाल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर सरकार के कामकाज और संगठन की स्थिति को लेकर फीडबैक जुटाएंगे। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।
छह संगठनात्मक क्षेत्रों में दूसरे राज्यों के नेताओं को जिम्मेदारी
भाजपा ने प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आए संगठन मंत्रियों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। ये नेता संगठन की गतिविधियों को गति देने के साथ जनसंपर्क अभियान की निगरानी करेंगे। पार्टी की रणनीति विकास, संगठन और राष्ट्रवाद के मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने की है। खासतौर पर उन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने पर जोर रहेगा, जहां पार्टी अपनी स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर मानती है।
वरिष्ठ नेताओं को भी सौंपी गई विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी
पार्टी ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को भी दी है। बरेली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भूपेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि लखनऊ और सुल्तानपुर क्षेत्र में संगठन महामंत्री धर्मपाल दौरा कर रहे हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और स्वतंत्र देव सिंह समेत करीब 40 वरिष्ठ नेताओं को विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा नेतृत्व का जोर चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा कमजोर माने जाने वाले क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने पर है।