UP में आधार सेवाओं का बड़ा विस्तार: तीन से ज्यादा स्टाफ वाले डाकघरों में भी शुरू होगा पंजीयन और अपडेट
उत्तर प्रदेश में आधार पंजीयन और अपडेट को लेकर आम लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। भारतीय डाक विभाग ने आधार सेवाओं को और सुलभ बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। नई व्यवस्था के तहत अब ऐसे सभी डाकघरों में आधार पंजीयन, संशोधन और अपडेट की सुविधा दी जाएगी जहां तीन से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। यह सुविधा फिलहाल लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिलों—बाराबंकी, सीतापुर, रायबरेली, अयोध्या और अंबेडकर नगर—में लागू की जाएगी। इस योजना को सफल बनाने के लिए विभाग अतिरिक्त मशीनें भी स्थापित करेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में आधार सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की तैयारी
प्रदेश में करीब पांच करोड़ बच्चों का आधार पंजीयन अभी बाकी है। खासकर ग्रामीण इलाकों में आधार सेवा केंद्रों की दूरी और जागरूकता की कमी के कारण लोग समय पर आधार बनवाने या अपडेट कराने में रुचि नहीं दिखाते। कई मामलों में बच्चों का आधार पंजीयन किशोरावस्था तक लंबित रहता है। इन चुनौतियों को देखते हुए डाक विभाग ने डाकघरों में अतिरिक्त मशीनें लगाकर आधार पंजीयन, अपडेट और संशोधन की सुविधा का विस्तार करने की तैयारी की है।
पोस्ट मास्टर जनरल ने दी अहम जानकारी
लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के पोस्ट मास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने बताया कि सभी जिलों में उन डाकघरों की सूची तैयार की जा रही है जहां तीन से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे प्रत्येक डाकघर में कम से कम एक कर्मचारी को आधार पंजीयन, संशोधन और अपडेट के कार्य के लिए नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों की उम्र पांच वर्ष और 15 वर्ष पूरी होने पर आधार में अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट (एमबीयू) कराना जरूरी होता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में बच्चों के फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो अपडेट किए जाते हैं। बायोमीट्रिक डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए समय पर एमबीयू कराना आवश्यक है। इससे स्कूल में प्रवेश, परीक्षाओं के पंजीकरण, छात्रवृत्ति और डीबीटी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आती।
इन डाकघरों में दो पालियों में चल रही आधार सेवा
पोस्ट मास्टर जनरल के अनुसार लखनऊ में लखनऊ जीपीओ, राजेंद्र नगर, गोमतीनगर, चौक, इंदिरानगर, आवास विकास कालोनी, आलमबाग और अलीगंज स्थित डाकघरों में दो पालियों में आधार पंजीयन की सुविधा दी जा रही है। यहां सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक सेवाएं उपलब्ध हैं। लखनऊ जीपीओ में चार मशीनें स्थापित की गई हैं, जबकि अन्य डाकघरों में दो-दो मशीनें लगाई गई हैं। जीपीओ में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भविष्य में मशीनों की संख्या और बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।