UP Budget 2026-27 की गूंज पाकिस्तान तक: नेशनल असेंबली में CM योगी की आर्थिक नीतियों की खुलकर हुई तारीफ

0 18

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने लगातार दसवीं बार राज्य का बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। बुधवार को विधान भवन में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट के साथ ही एक साल पुराना वीडियो फिर से चर्चा में आ गया, जिसमें पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में एक सांसद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आर्थिक नीतियों की सार्वजनिक सराहना करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पाकिस्तान की संसद में यूपी बजट का जिक्र

वीडियो जुलाई 2025 के आसपास का बताया जा रहा है। इसमें पाकिस्तान के एक सांसद अपने भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश के बजट और टैक्स कलेक्शन की तुलना पाकिस्तान की संघीय सरकार से करते हैं। सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जो भारत का सिर्फ एक राज्य है, टैक्स संग्रह और बजट आकार के मामले में पूरे पाकिस्तान से आगे निकल चुका है। उन्होंने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में खुलकर कहा कि यूपी की आर्थिक स्थिति पाकिस्तान से बेहतर है।

यूपी का बजट 97 बिलियन डॉलर, पाकिस्तान 62 बिलियन डॉलर

वायरल क्लिप में सांसद ने दावा किया कि पाकिस्तान का कुल बजट 62 बिलियन डॉलर है, जबकि उत्तर प्रदेश का बजट 97 बिलियन डॉलर है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान का कुल टैक्स रेवेन्यू 50 बिलियन डॉलर है, जबकि उत्तर प्रदेश का टैक्स रेवेन्यू 80 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। उनके मुताबिक पाकिस्तान का टैक्स रेवेन्यू उत्तर प्रदेश से 16 बिलियन डॉलर कम है। सांसद ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आर्थिक नीतियों की सराहना भी की थी।

नई योजनाओं और पूंजीगत व्यय पर बड़ा फोकस

इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट पेश होने के बाद कहा कि इस बार 43,565 करोड़ रुपये से अधिक की राशि नई योजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई है। उन्होंने बताया कि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान पूंजीगत व्यय के लिए किया गया है, जो अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में लगातार दसवां बजट पेश होना ऐतिहासिक है और यह पहली बार हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री को यह अवसर मिला है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.