यूपी पुलिस को मिलेंगे 4543 नए उपनिरीक्षक, सीएम योगी आज लखनऊ में सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

0 22

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों के लिए आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत चुने गए 4543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके लिए लखनऊ पुलिस लाइन में सुबह 11 बजे समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती के बाद नागरिक पुलिस, पीएसी और विशेष सुरक्षा बल को नए अधिकारी मिलेंगे।

नागरिक पुलिस में 4242 उपनिरीक्षकों का चयन

कुल 4543 चयनित अभ्यर्थियों में नागरिक पुलिस के 4242 उपनिरीक्षक शामिल हैं। इनमें 3394 पुरुष और 848 महिला अभ्यर्थी हैं। इसके अलावा पीएसी में 135 प्लाटून कमांडर और विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) में 60 प्लाटून कमांडर चुने गए हैं।

महिला बटालियनों के लिए भी 106 महिला उपनिरीक्षकों का चयन किया गया है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद ये सभी चयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस व्यवस्था का हिस्सा बनेंगे।

15.75 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 12 अगस्त 2025 को 4543 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इस भर्ती के लिए कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।

लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई। इसमें रिक्त पदों के मुकाबले 2.7 गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था।

दस्तावेज जांच से शारीरिक परीक्षा तक पूरी हुई चयन प्रक्रिया

लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 15 से 17 जून तक दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण आयोजित किया गया। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई।

सभी चरण पूरे होने के बाद भर्ती बोर्ड ने 14 जुलाई 2026 को अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया था। अब चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

एसएसएफ और महिला बटालियनों में भी होगी नई भर्ती

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत नवगठित विशेष सुरक्षा बल के लिए 60 उपनिरीक्षकों के अलावा 1,341 आरक्षियों का भी चयन किया गया है। वहीं, तीन महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों और 2,282 महिला आरक्षियों का चयन हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.