UP Weather: यूपी में तीन दिन बाद बदलेगा मौसम, 6 अक्टूबर को बारिश के आसार; तापमान गिरने से रात में बढ़ेगी ठंड
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर की शुरुआत गर्मी और उमस के साथ हुई है, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। अगले तीन दिनों में प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल सकता है। 6 अक्टूबर के आसपास दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे रात के समय ठंडक बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार हल्की बारिश के साथ लोगों को ठंड का एहसास होने लगेगा।
विभिन्न मौसम वेबसाइटों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में बारिश के रूप में दिखाई दे सकता है। बारिश होने से वातावरण में मौजूद प्रदूषकों से भी कुछ राहत मिल सकती है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने से रातें पहले के मुकाबले ठंडी हो सकती हैं।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में दिन और रात का तापमान क्रमश: 34 डिग्री और 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों तापमान सामान्य से क्रमश: 0.6 और 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहे।
तराई इलाकों में कोहरे और धुंध का असर दिखना शुरू
तराई के इलाकों में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ी है, जिसका असर अब सुबह के मौसम में नजर आने लगा है। शुक्रवार को कई जिलों में इस मौसम में पहली बार सुबह के समय कोहरा और धुंध देखने को मिली।
कई इलाकों में सुबह हल्की धुंध छाई रही। कम दृश्यता के कारण सड़क पर वाहन चलाने वाले लोगों को सावधानी बरतनी पड़ी। कुछ वाहन चालक दिन निकलने के बाद भी हेडलाइट जलाकर चलते दिखाई दिए।
हालांकि, धुंध का असर ज्यादा देर तक नहीं रहा। सूरज निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया और कुछ ही समय में तेज धूप खिल गई। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ रहा है, जबकि सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट से मौसम सुहाना महसूस हो रहा है।
रात में बढ़ी ठंडक, कम हुआ एसी का इस्तेमाल
रात के समय भी मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। इसके चलते घरों में एयर कंडीशनर का इस्तेमाल पहले की तुलना में कम हो गया है। कुछ लोग रात में एसी बंद रख रहे हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर ही थोड़ी देर के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
मौसम में आया यह बदलाव सर्दी के धीरे-धीरे दस्तक देने का संकेत माना जा रहा है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
3 से 6 अक्टूबर तक बारिश को लेकर क्या है अनुमान?
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 3 अक्टूबर को बारिश की संभावना 50 फीसदी है और करीब 0.8 मिलीमीटर बारिश का अनुमान है। 4 अक्टूबर को बारिश की संभावना बढ़कर 80 फीसदी तक पहुंच सकती है और करीब 0.6 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है।
5 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना 80 फीसदी बनी हुई है। इस दिन करीब 3.2 मिलीमीटर बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं, 6 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना बनी हुई है और इसी दिन बारिश होने के आसार सबसे ज्यादा बताए जा रहे हैं।