UP Weather Alert: यूपी के 30 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा, पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से बदल रहा मौसम

0 42

लखनऊ: प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। अगले दो दिनों में कई जिलों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। सोमवार, 2 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के 30 से अधिक जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जिलों में झोंकेदार हवा चल सकती है, जिसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ अधिक ठंड पड़ने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से बदल रहा मौसम
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान में मध्य वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीती रात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की-भारी बारिश हुई। प्रदेश के मध्यवर्ती और पूर्वी हिस्सों में यह प्रभाव 4 फरवरी तक जारी रह सकता है। इसके चलते रविवार को हवा में बदलाव देखा गया और वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ी, जिससे कोहरे की परत में कमी आई।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका
पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। चार फरवरी के बाद बारिश के थमते ही तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।

किस जिलों में है खतरा
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को गरज-चमक और वज्रपात होने का खतरा है। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में तेज हवाओं के झोंके चलने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.