UP Weather Alert: फरवरी में मार्च जैसी गर्मी, प्रदेश के तापमान में आज से दिखेगा बढ़ोतरी का असर

0 19

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने पिछले तीन-चार दिनों में अचानक करवट ली है। पछुआ हवा के कमजोर पड़ने से दिन के तापमान में लगातार तीसरे दिन वृद्धि दर्ज की गई है। तेज धूप निकलने के कारण फरवरी में मार्च जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है। मंगलवार को शहर की सड़कों पर ज्यादातर लोग बिना स्वैटर और जैकेट के नजर आए। सोमवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों तक मध्य एवं पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी जिलों में भी दिन के तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

सुबह के कोहरे ने नहीं बनाया असर

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार की सुबह तराई इलाकों, खासकर उत्तराखंड और नेपाल से सटे जिलों में थोड़ी देर के लिए कोहरा छाया रहा, लेकिन प्रदेश के ज्यादातर जिलों में इसका कोई असर नहीं पड़ा और सुबह से ही तेज धूप नजर आई।

तापमान में तेजी, अब कोहरे का असर नहीं

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से प्रदेशभर में कोहरे का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। लगातार दूसरे दिन मंगलवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज दूसरे नंबर पर 28.9 डिग्री सेल्सियस के साथ रहा। कानपुर और वाराणसी में सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में दिन में गर्मी का अहसास बढ़ेगा

वर्तमान मौसम के रुझान के अनुसार अगले पांच-छह दिनों तक प्रदेशभर में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं है। तेज धूप के साथ दिन के तापमान में वृद्धि होगी और धीरे-धीरे गर्मी की दस्तक महसूस होगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव फरवरी में मार्च जैसी गर्मी का अहसास करा रहा है, इसलिए लोगों को धूप में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.