UP Weather: यूपी में पछुआ ने गलन बढ़ा दी है। मंगलवार को कई जगह सुबह घने कोहरे से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 9 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, कुछ पश्चिमी और तराई के क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया है, जिससे दिन में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान के मामले में इटावा सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी में 8.0 डिग्री सेल्सियस, बुलंदशहर में 8.0 डिग्री सेल्सियस, अयोध्या में 8.0 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 8.1 डिग्री सेल्सियस, अलीगढ़ में 8.4 डिग्री सेल्सियस, बाराबंकी में 8.5 डिग्री सेल्सियस, फुरसतगंज में 8.5 डिग्री सेल्सियस और चुर्क में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त, कानपुर (शहर) और हरदोई में भी न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिणी जिलों में दिन में थोड़ी राहत रही, वहीं पश्चिमी और तराई के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

सबसे कम अधिकतम तापमान बहराइच में दर्ज किया गया। बहराइच में अधिकतम पारा सामान्य से 7.9 डिग्री कम गिरकर 15.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बरेली में अधिकतम तापमान मात्र 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी तरह शाहजहांपुर में अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.2 डिग्री कम) और मुरादाबाद में 17.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.7 डिग्री कम) रहा।
कोहरे से दृश्यता हुई कम
उधर, अयोध्या में दूसरी बार जबरदस्त कोहरा गिरा और सुबह कुछ घंटों के लिए दृश्यता जैसा माहौल हो गया। शहर की अपेक्षाकृत ग्रामीण क्षेत्रों में दृश्यता ज्यादा कम थी, जिससे कुछ मीटर दूर की चीजें भी नही दिखाई दे रहीं थीं। मौसम विभाग ने कोहरे के कारण दिन और रात के तामपान में कुछ कमी दर्ज की है, साथ ही आने वाले समय मे भी कोहरा गिरने की संभावना जताई है। बेहद कम दृश्यता के चलते स्कूली बच्चे धीमे-धीमे स्कूल पहुंचे।