UP Weather Today: मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई के दौर में पहुंच चुका है, लेकिन मौसम का मिजाज अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। राजधानी लखनऊ में एक ही समय पर अलग-अलग इलाकों में मौसम का अलग रूप देखने को मिल रहा है। कहीं तेज धूप निकल रही है तो कुछ ही दूरी पर घने बादलों के साथ बारिश हो रही है।
गुरुवार शाम करीब पांच बजे 1090 चौराहे से चारबाग तक अचानक काले बादल छा गए और करीब 30 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। वहीं गोमतीनगर, इंदिरानगर और वृंदावन समेत कई इलाकों में उस दौरान धूप खिली रही।
पूर्वी यूपी में वज्रपात की चेतावनी
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अब काफी कम हो गई हैं। मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले पांच से छह दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
हालांकि शुक्रवार को मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली और पीलीभीत समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इन इलाकों में वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। जिन इलाकों में शुक्रवार को मौसम प्रभावित रहेगा, वहां शनिवार से फिर धूप निकलने के आसार हैं।
मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर भी पिछले करीब एक सप्ताह से कम हुआ है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर स्थानीय स्तर पर अचानक बारिश देखने को मिल रही है।
लखनऊ में 34.5 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
राजधानी में सुबह से ही धूप निकलने का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम साफ होने के कारण प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया। इसके चलते उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मानसून की विदाई के बीच मौसम में यह उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है।