UP Weather Today: यूपी में बदलने वाला है मौसम का मिजाज, बरेली समेत कई जिलों में आज घने कोहरे का अलर्ट

0 38

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है, लेकिन इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और कई जिलों में घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी और पूर्वी यूपी में हवा की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

सोमवार को इन जिलों में पड़ सकता है अत्यंत घना कोहरा
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार को पूर्वी और तराई इलाकों में घने से अत्यंत घने कोहरे की संभावना है। गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है। इसके अलावा आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी और अंबेडकर नगर में भी घना कुहासा छाए रहने का अनुमान है।

10 फरवरी के बाद बढ़ेगा तापमान, सर्दी होगी कमजोर
मौसम विभाग का कहना है कि 10 फरवरी से मौसम सामान्य होने लगेगा। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। तापमान में यह बढ़ोतरी सर्दी के असर को और कमजोर करेगी।

रविवार को कैसा रहा प्रदेश का तापमान
रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 17 जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। वाराणसी में सबसे अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 28.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दिन में धूप, सुबह-शाम कोहरे का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरे और हल्की ठंड का असर बना रहेगा। खासकर वाहन चालकों को सुबह के वक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.