UP Weather Today: तीन दिन तक लखनऊ-वाराणसी में तापमान स्थिर, फिर बढ़ेगी गर्मी; जानिए प्रदेशभर का मौसम हाल

0 28

वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के असर से फिलहाल तापमान की रफ्तार थमी हुई है। सुबह और शाम हल्की हवा, रात में शांति और दोपहर में तेज बहाव वाली पछुआ ने दिन के तापमान में तेज बढ़ोतरी को रोक रखा है। इसी वजह से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान में बड़ा बदलाव दर्ज नहीं हुआ। हालांकि मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा वाराणसी बुधवार को बांदा के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

तीन दिन तक तापमान स्थिर रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में इसका असर नगण्य रहने का अनुमान है।

वाराणसी में स्थिर रहेगा तापमान
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक वर्तमान परिस्थितियों में वातावरण का तापमान अगले दो से तीन दिन तक लगभग इसी स्तर पर बना रहेगा।

लखनऊ में धूप तेज, सुबह-शाम सर्दी
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को राजधानी लखनऊ में दिन के समय तेज धूप निकलेगी। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी और हवाओं की गति में भी वृद्धि संभव है।

कानपुर मंडल में सामान्य से अधिक तापमान
पूर्वानुमान के मुताबिक कानपुर मंडल में आने वाले दिनों में तेज धूप रहेगी और दिन-रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।

आगरा में साफ रहेगा आसमान
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को आगरा में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।

अयोध्या में सामान्य तापमान की स्थिति
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अयोध्या में गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और तापमान सामान्य स्तर पर बना रहेगा।

गोरखपुर में सुबह कोहरा, दिन साफ
गोरखपुर में गुरुवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है और मध्यम गति से हवाएं चलेंगी। वहीं देवरिया और बस्ती में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.