UP Weather Update Today: लखनऊ-कानपुर में धूप की चमक, ठंडी हवाओं से कंपकंपी; जानिए IMD का लेटेस्ट अलर्ट

0 33

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक बुधवार को मौसम के बदले हुए तेवर देखने को मिले। कई जिलों में दोपहर के समय तेज धूप के साथ सतही हवाएं चलीं, जिससे सुबह और शाम की ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में धूप तो निकलेगी, लेकिन ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

लखनऊ और आसपास के जिलों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में कोहरा और धुंध देखने को मिली। दोपहर के समय धूप खिलने की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी, जिससे लोगों को अभी राहत नहीं मिलेगी।

अयोध्या में मौसम का मिजाज
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को अयोध्या में दिन का मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है।

सुल्तानपुर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सुल्तानपुर में भी गुरुवार को सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलने की संभावना है।

आगरा का मौसम अपडेट
मौसम विज्ञान विभाग ने आगरा के लिए गुरुवार दोपहर तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

कानपुर में धूप का असर
कानपुर में आने वाले दिनों में तेज धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हवा का जोर कमजोर रहेगा, जिससे दिन में मौसम कुछ हद तक राहत भरा महसूस हो सकता है।

फतेहपुर का हाल
फतेहपुर में सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और धूप भी निकलेगी। हालांकि सर्द हवाओं के साथ कोहरा पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मेरठ में ठंडी हवाओं का असर
मेरठ में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिल सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।

गोरखपुर और आसपास के जिलों का मौसम
गोरखपुर में दिन के समय मौसम शुष्क रहेगा। सुबह कुछ इलाकों में कोहरा छाने का अनुमान है। पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा रहेगा। देवरिया और बस्ती में भी दिन में धूप निकलेगी, हालांकि सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है।

वाराणसी में बदलेगा मौसम का रुख
बूंदाबांदी के बाद पश्चिमी विक्षोभ वाराणसी क्षेत्र से आगे बढ़ चुका है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अब पीछे से आ रहे एक अन्य पश्चिमी प्रवाह के चलते वायुगति तेज होगी। शुक्रवार से सतह पर तेज पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। इन हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप खिलने से मौसम सामान्य रहेगा। पतझड़ का असर बढ़ने के साथ वासंती प्रभाव भी धीरे-धीरे महसूस होने लगेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि पछुआ हवाओं का यह प्रभाव करीब तीन दिनों तक जारी रह सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.