नोएडा में UPSRTC चलाएगी 100 सिटी बसें, 8 लाख लोगों को मिलेगा फायदा; नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक होगी कनेक्टिविटी
नोएडा। शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए यूपीएसआरटीसी (UPSRTC) 100 नई सिटी बसों का संचालन करेगी। यह पहल नोएडा प्राधिकरण और राज्य सरकार के सहयोग से की जा रही है, जिससे करीब आठ लाख लोगों को दैनिक यात्रा में आसानी होगी। खास बात यह है कि इन बसों का नेटवर्क नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक भी जाएगा, जिससे हवाई यात्रा करने वालों को सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी।
बसों के संचालन और वीजीएफ फंडिंग
इस योजना के तहत बसों का संचालन यूपीएसआरटीसी करेगी, जबकि वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) राज्य सरकार वहन करेगी। प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि स्पेशल पर्पस व्हीकल (SPV) के गठन के साथ बसों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। एसपीवी कंपनी, नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से बसों के रूट तय करेगी और संचालन सुनिश्चित करेगी।
आरंभिक व्यवस्था और वैकल्पिक बसें
जब तक पूरी बस योजना लागू नहीं होती, तब तक 50 वैकल्पिक बसें चलायी जाएंगी, जिन्हें बाद में हटाया जाएगा। यह बसें विशेष रूप से सार्वजनिक यातायात को बढ़ावा देने के लिए चलेंगी। दो से तीन मुख्य रूटों पर 20-20 बसें चलाई जाएंगी। प्रमुख रूटों में नोएडा से ग्रेटर नोएडा वाया एक्सप्रेसवे, नोएडा से ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा, तथा नोएडा से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं।
संचालन और लॉजिस्टिक व्यवस्था
एसपीवी के तहत नोएडा में महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। रूट तय करने के बाद बस स्टैंड बनाए जाएंगे। सभी बसें यूपीएसआरटीसी की होंगी, और उनके चालक व परिचालक भी यूपीएसआरटीसी के होंगे। वीजीएफ राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा, जबकि नोएडा प्राधिकरण बसों के समन्वय और लॉजिस्टिक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।