UPTET 2026 Admit Card जारी! 19.94 लाख अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट, ऐसे करें डाउनलोड, जानें परीक्षा से जुड़े सभी जरूरी नियम
लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) में शामिल होने जा रहे लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपीटीईटी 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब अपने आवेदन विवरण के जरिए प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
इस वर्ष यूपीटीईटी के लिए करीब 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रदेश के 60 जिलों में कुल 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 तक विभिन्न पालियों में किया जाएगा।
ऐसे डाउनलोड करें यूपीटीईटी एडमिट कार्ड
अभ्यर्थी आवेदन संख्या या मोबाइल नंबर, नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि की मदद से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित लिंक पर लॉगिन करना होगा।
लॉगिन के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसका प्रिंट निकालकर परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाना अनिवार्य होगा।
कब होगी परीक्षा, जानिए पूरा शेड्यूल
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 जुलाई को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर तथा दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकते हैं अभ्यर्थी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी केवल बिना लिखावट वाला क्लिपबोर्ड या हार्ड बोर्ड तथा काली स्याही का बॉल प्वाइंट पेन ही साथ ला सकते हैं। उत्तर पत्रक भरने के लिए केवल काले बॉल पेन का ही उपयोग मान्य होगा।
इन वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार की घड़ी, एटीएम कार्ड, धातु से बनी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा कान में लगी किसी भी मशीन, ग्राफ शीट, नक्शा, सारणियां और अन्य संदिग्ध सामग्री भी प्रतिबंधित रहेगी।
व्हाइटनर और रबर का इस्तेमाल करने पर मुश्किल
आयोग ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि ओएमआर शीट पर किसी भी प्रकार का व्हाइटनर, ब्लेड या रबर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। यदि कोई जानकारी गलत भरी जाती है या गोले सही तरीके से नहीं भरे जाते हैं तो उत्तर पत्रक का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।
ओएमआर शीट में प्रश्न पुस्तिका क्रमांक गलत भरने या छोड़ने पर भी कॉपी जांच से बाहर हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की स्वयं होगी।
परीक्षा के दिन ही तय होगा कौन सा पेपर सेट आएगा
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए आयोग ने प्रश्नपत्रों के कई सेट तैयार किए हैं। किस सेट का उपयोग किया जाएगा, इसकी जानकारी परीक्षा शुरू होने से केवल पांच घंटे पहले ही दी जाएगी।
प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट को वन टाइम लॉक और विशेष सील वाले पैकेटों में रखा गया है। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही इन्हें खोला जाएगा।
एक मिनट में होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के आइरिस स्कैन और फोटो कैप्चर किए जाएंगे। आयोग ने तकनीकी टीमों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक अभ्यर्थी का सत्यापन सामान्यतः एक मिनट के भीतर पूरा किया जाए ताकि प्रवेश प्रक्रिया में देरी न हो।
परीक्षा समाप्त होने के बाद क्या मिलेगा
परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों को प्रश्न पुस्तिका और उत्तर पत्रक की प्रति अपने साथ ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि अंतिम आधे घंटे के दौरान किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कैसा होगा पेपर पैटर्न
यूपीटीईटी 2026 परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर आयोजित होगी। पेपर में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न बाल विकास, भाषा, गणित और पर्यावरण अध्ययन से संबंधित होंगे।
प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा के लिए कुल 150 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम 82 अंक यानी 55 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। सफल अभ्यर्थियों को मिलने वाला यूपीटीईटी प्रमाणपत्र आजीवन मान्य रहेगा।