US Snowstorm का कहर: उत्तरपूर्वी अमेरिका में बर्फीले तूफान से हाहाकार, 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द, कई राज्यों में आपातकाल

0 23

अमेरिका के उत्तरपूर्वी हिस्से में एक भीषण बर्फीला तूफान ने भारी तबाही मचाई है। मैरीलैंड से मेन तक के क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के चलते शनिवार से मंगलवार तक 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अकेले सोमवार को 5,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जबकि मंगलवार के लिए पहले ही 1,300 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल कर दी गई हैं। न्यूयॉर्क के जेएफके, लागुआर्डिया और बोस्टन के लोगान एयरपोर्ट सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जिससे हजारों यात्री फंस गए हैं।

‘बम चक्रवात’ के रूप में दर्ज की गई ऐतिहासिक बर्फबारी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह तूफान पिछले दशक का सबसे शक्तिशाली माना जा रहा है और इसे ‘बम चक्रवात’ कहा जा रहा है। बम चक्रवात तब होता है जब 24 घंटे में तूफान का वायुमंडलीय दबाव तेजी से गिरता है। यह मुख्य रूप से शरद और सर्दियों में होता है, जब आर्कटिक की ठंडी हवाएं दक्षिणी गर्म हवाओं से टकराती हैं। कई इलाकों में दो फीट (लगभग 60 सेंटीमीटर) से अधिक बर्फ गिरी है, जबकि रोड आइलैंड के वारविक में तीन फीट से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई।

राज्यों में आपातकाल और यात्रा व्यवस्था ठप

तेज हवाओं और बर्फबारी के चलते न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स समेत कई राज्यों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। तूफान का असर इतना व्यापक रहा कि संयुक्त राष्ट्र को सुरक्षा परिषद की बैठक स्थगित करनी पड़ी और मुख्यालय बंद करना पड़ा। न्यूयॉर्क शहर में छह साल में पहली बार स्कूल बर्फबारी के कारण बंद रहे। हालांकि मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार से स्कूल खोलने की घोषणा की, लेकिन कुछ अधिकारियों ने इसका विरोध किया।

सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण यात्रा करना बेहद खतरनाक हो गया है। रेल और बस सेवाएं निलंबित हैं, और प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। डिलीवरी सेवाओं जैसे डोरडैश ने भी अपना काम रोक दिया है।

बिजली व्यवस्था पर भी बड़ा असर

तेज हवाओं के कारण बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई है। पावरआउटेज डॉट यूएस के अनुसार, पूर्वी तट पर 5,70,000 से अधिक घरों और व्यवसायों में बिजली गुल है। मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी सबसे अधिक प्रभावित हैं। खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण बिजली बहाल करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

कुछ लोग मौसम का आनंद भी ले रहे

हालांकि, कुछ लोग इस बर्फीले मौसम का आनंद भी ले रहे हैं। टाइम्स स्क्वायर में पर्यटक बर्फ में नाचते दिखे, तो कुछ ने स्लेजिंग का मजा लिया। लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि खतरा अभी टला नहीं है और सप्ताह के अंत में एक और तूफान आ सकता है। प्रशासन ने नेशनल गार्ड को तैनात किया है और राहत बचाव कार्य जारी हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.