Uttarakhand Snowfall: केदारनाथ-बद्रीनाथ में पहली बर्फबारी, यात्रा पर असर

उत्तराखंड के केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहब में हुई इस सीजन की पहली बर्फबारी; मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

0 379

Kedarnath Badrinath Dham Snowfall: उत्तराखंड में इस सीजन की पहली बर्फबारी ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम सहित हेमकुंड साहब के पहाड़ी क्षेत्रों को सफेद चादर से ढक दिया है। मंगलवार को दर्ज हुई इस बर्फबारी के साथ ही ठंड काफी बढ़ गई है और केदारनाथ में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। हालांकि, देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों ने बर्फ का खूब आनंद लिया। मौसम विभाग ने इस दौरान भारी बारिश और बर्फबारी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है, ताकि वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

केदारनाथ धाम में इस बार अक्टूबर के महीने में ही बर्फबारी शुरू हो गई है और मंगलवार को यहां सीजन की पहली बर्फ गिरी। खराब मौसम के कारण दोपहर बाद हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित रहीं। बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ने के कारण प्रशासन ने यात्रियों के लिए अलाव और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की है। बावजूद इसके श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में खड़े हैं और साथ ही वे बर्फबारी का आनंद भी लेते दिखाई दे रहे हैं।

वर्तमान में चारधाम यात्रा का दूसरा दौर जारी है, जिसमें रोजाना 5 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा समापन की ओर बढ़ रही है और शीतकाल के लिए चारधाम के कपाट बंद करने की तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं। गोवर्धन पूजा या अन्नकूट वाले दिन 22 अक्टूबर को गंगोत्री धाम के कपाट बंद होंगे। भैया दूज के दिन, 23 अक्टूबर को केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद किए जाएंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद किए जाने हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.