विधानसभा चुनाव में मतदाता उत्साह, पुडुचेरी में रिकॉर्ड 89.87% मतदान, असम और केरल में भी भारी भागीदारी

0 36

गुरुवार को असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। चुनाव आयोग के अनुसार रात 9:30 बजे तक प्राप्त आंकड़ों में पुडुचेरी में सबसे अधिक 89.87 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि असम में 85.65 प्रतिशत और केरल में 78.24 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और मतदाताओं ने बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना सभी राज्यों में 4 मई को होगी।

मुख्यमंत्रियों ने भी किया मतदान
असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर मतदान हुआ। इस दौरान कई वरिष्ठ नेता भी सुबह-सुबह मतदान केंद्र पहुंचे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी ने भी वोट डाला। विशेष बात यह रही कि रंगास्वामी ने अपनी पुरानी परंपरा निभाते हुए मोटरसाइकिल से मतदान केंद्र का दौरा किया। मतदान समाप्त होने के बाद सभी बूथों पर EVM और VVPAT मशीनों को सील कर दिया गया। तीनों राज्यों में पिछले चुनाव की तुलना में मतदाताओं की संख्या अधिक रही।

केरल में 883 उम्मीदवारों का फैसला
केरल में 2.6 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 140 विधानसभा सीटों पर 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। राज्य में कुल 2,69,53,644 मतदाता रजिस्टर्ड थे, जिनमें 1,38,27,319 महिलाएं, 1,31,26,048 पुरुष और 277 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। 18-19 आयु वर्ग के 4,24,518 युवा मतदाता और 85 वर्ष से अधिक उम्र के 2,04,608 मतदाता भी इस चुनाव में शामिल हुए। सुरक्षित मतदान के लिए 30,471 पोलिंग स्टेशन बनाए गए। राज्य में UDF, वाम दलों के नेतृत्व वाले LDF और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है।

असम में 722 उम्मीदवार मैदान में
असम में 2.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान किया। यहां कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मतदाताओं में 1,25,31,552 पुरुष, 1,25,22,593 महिलाएं और 318 ट्रांसजेंडर शामिल थे। मुख्य मुकाबला बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA और कांग्रेस गठबंधन के बीच माना जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली।

पुडुचेरी में त्रिकोणीय मुकाबला
पुडुचेरी में कुल 10,14,070 मतदाता 30 सीटों के लिए मतदान के पात्र थे। इनमें 5,39,125 महिलाएं, 4,74,788 पुरुष और 157 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। 18-19 आयु वर्ग के 24,156 युवा मतदाता भी मतदान में भागीदार रहे। यहां सत्तारूढ़ NDA (ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस और बीजेपी) को कांग्रेस-डीएमके गठबंधन चुनौती दे रहा है, जबकि अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.