मिडिल ईस्ट में युद्ध तेज: अमेरिका का 5000 पाउंड बम हमला, ईरान-इज़रायल के बीच घमासान चरम पर

0 32

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष 19वें दिन और अधिक खतरनाक मोड़ लेता नजर आ रहा है। ईरान, अमेरिका और इज़रायल के बीच लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ताजा घटनाक्रम में ईरान ने बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला किया, जिससे एंबेसी परिसर की एक इमारत में आग लग गई। वहीं इज़रायल के तेल अवीव में ईरानी मिसाइल के मलबे से रेलवे स्टेशन को भारी नुकसान पहुंचा है।

अमेरिका का बड़ा हमला, होर्मुज के पास गिराए भारी बम
इस बीच अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य एक्शन लिया है। अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी तट पर 5000 पाउंड के घातक डीप पेनेट्रेटर बम गिराए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक इन हमलों का निशाना ईरान की मिसाइल साइट्स थीं, जो अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए खतरा बन रही थीं।

मिसाइल ठिकानों को बनाया निशाना
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने जानकारी दी कि इन ठिकानों पर तैनात ईरानी एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही करने वाले जहाजों के लिए जोखिम पैदा कर रही थीं। हमले का उद्देश्य इन खतरों को निष्क्रिय करना था।

इज़रायल का दावा, ईरान के दो बड़े अधिकारी ढेर
दूसरी ओर इज़रायल ने दावा किया है कि उसने रातभर चले ऑपरेशन में ईरान के दो वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को मार गिराया है। इनमें सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी और रिवोल्यूशनरी गार्ड की बासिज फोर्स के प्रमुख जनरल गुलाम रजा सुलेमानी शामिल हैं। इज़रायली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इसे बड़ी सैन्य सफलता बताया है।

ईरान का पलटवार, बदले की चेतावनी
इन घटनाओं के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। लारीजानी और बासिज प्रमुख की मौत से नाराज ईरान ने इज़रायल के खिलाफ बदला लेने का ऐलान किया है। इसके तहत ईरान ने इज़रायल पर मिसाइल हमलों की नई लहर शुरू कर दी है, जिसमें तेल अवीव समेत कई शहरों को निशाना बनाया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.