नई दिल्ली: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता प्रदूषण, तनाव और अनियमित खानपान का असर सबसे पहले हमारे बालों पर दिखता है। बाल झड़ना, डैंड्रफ, कमजोर जड़ें और समय से पहले सफेद होने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आयुर्वेद में इन समस्याओं का एक आसान और असरदार इलाज है – गिलोय।
जी हां, वही गिलोय जिसे आमतौर पर इम्युनिटी बढ़ाने के लिए जाना जाता है, वो आपके बालों के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। गिलोय का पानी न केवल बालों की जड़ों को मजबूती देता है, बल्कि उन्हें घना, चमकदार और रेशमी बनाने में भी मदद करता है।
गिलोय क्यों है बालों के लिए फायदेमंद?
गिलोय में एंटीऑक्सिडेंट, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। ये गुण शरीर को अंदर से डिटॉक्स करने के साथ-साथ स्कैल्प की सफाई भी करते हैं। इसका असर सीधा बालों पर दिखता है – जड़ें मजबूत होती हैं, बालों का गिरना कम होता है और बालों की सेहत सुधरती है।
गिलोय से बाल धोने के फायदे
1. बालों की जड़ों को मिलती है मजबूती
गिलोय स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है और खून को शुद्ध करता है। इससे बालों की जड़ों को पर्याप्त पोषण मिलता है, जो उन्हें अंदर से मजबूत बनाता है। साथ ही डैंड्रफ और इंफेक्शन जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।

2. बालों की ग्रोथ में होता है सुधार
गिलोय का नियमित उपयोग बालों को लंबा और घना बनाता है। इससे बालों में नैचुरल बाउंस और चमक आती है, जिससे वे पहले से ज्यादा हेल्दी और खूबसूरत नजर आते हैं।
3. समय से पहले सफेद होने से रोकथाम
गिलोय बालों की जड़ों को पोषण देने में सक्षम है, जिससे समय से पहले सफेद होने की प्रक्रिया को धीमा किया जा सकता है। इसके अलावा, यह बालों में एक प्राकृतिक चमक और सॉफ्टनेस भी लाता है।
कैसे करें गिलोय से हेयर वॉश? जानिए सही तरीका
- सबसे पहले गिलोय की ताजी डंडियों को अच्छे से धो लें।
- इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- अब एक लीटर पानी में गिलोय के टुकड़े डालें और धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक उबालें।
- जब पानी आधा रह जाए और उसका रंग हल्का हरा हो जाए, तब गैस बंद कर दें।
- इस पानी को ठंडा होने दें, फिर छानकर किसी साफ बोतल में भर लें।
कैसे करें इस्तेमाल?
हेयर वॉश से पहले इस गिलोय वाले पानी को धीरे-धीरे स्कैल्प पर डालते हुए हल्के हाथों से मालिश करें। 10-15 मिनट तक इसे ऐसे ही छोड़ दें और फिर सामान्य पानी से बाल धो लें। बेहतर परिणाम के लिए इसे हफ्ते में 2-3 बार दोहराएं।