Weather Alert Today: यूपी से बंगाल तक मूसलाधार बारिश का खतरा, 15 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार, 7 अगस्त के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत 15 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं असम और जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित बना हुआ है।
इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
असम में बाढ़ का संकट गहराया
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। गुरुवार को दो और लोगों की मौत के बाद इस वर्ष बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। राज्य के 15 जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और छह जिलों में 133 राहत शिविर तथा राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां लगभग 45 हजार विस्थापित लोगों को ठहराया गया है।
दिल्ली में दो दिन और बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों तक राजधानी में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, इटावा और कानपुर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में रोहतास, भोजपुर, बक्सर, सिवान, अरवल, गया, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी सक्रिय रहेगा मानसून
राजस्थान के दौसा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, शाहपुरा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और अलवर में बारिश का अनुमान है। वहीं मध्य प्रदेश के खंडवा, खरगोन, मंडला, देवास, बालाघाट, रायसेन, पन्ना, दमोह, शहडोल, नीमच और विदिशा में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और बादल फटने का खतरा
जम्मू-कश्मीर के पुंछ, जम्मू, कुलगाम, कठुआ, गांदरबल, बांदीपोरा, राजौरी, मुजफ्फराबाद और किश्तवाड़ में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बादल फटने का भी खतरा जताया गया है, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।
उत्तराखंड में तिलवाड़ा के पास भूस्खलन के कारण केदारनाथ हाईवे प्रभावित है। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा, सोलन, मंडी, बिलासपुर और शिमला में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।