Weather Alert: दिल्ली-NCR से लेकर देश के बड़े हिस्से पर मौसम का खतरा, 7-9 अप्रैल के बीच आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

0 23

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली-एनसीआर में मौसम अचानक करवट ले सकता है। देर रात तक तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम का यह बदला हुआ रुख सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 7 से 9 अप्रैल के बीच देश के कई हिस्सों में व्यापक असर देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि इस दौरान भारत के 30 से 40 प्रतिशत हिस्से में ओलावृष्टि और खराब मौसम का प्रभाव पड़ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ बना बड़ी वजह
मौसम से जुड़े प्लेटफॉर्म All India Weather ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया है कि एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में 7 से 9 अप्रैल के बीच बड़े पैमाने पर ओलावृष्टि की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में सामान्य से कम रहा तापमान
दिल्ली में दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से 1.3 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तापमान 34 डिग्री अधिकतम और 19 डिग्री न्यूनतम के आसपास रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का असर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहले से ही आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिसका असर फसलों पर भी देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, हरदोई, अलीगढ़, बुलंदशहर, बाराबंकी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन और हमीरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।

बिहार में भी मौसम का अलर्ट
बिहार में अगले दो से तीन दिनों के दौरान मौसम खराब बना रह सकता है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 7 से 9 अप्रैल के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए राज्य के चार से पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.