बिहार में बदला मौसम: गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट, पटना में हल्की बारिश के आसार

0 96

पटना समेत पूरे बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के असर से राज्य के वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम और अधिक बिगड़ने के संकेत हैं।

तेज हवा और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

पटना में हल्की बारिश की संभावना
राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अप्रैल को मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे बारिश और आंधी का असर बढ़ेगा।

आंशिक बादल और बनी रहेगी अस्थिरता
राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क की स्थिति बनी हुई है। नम हवा और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है।

किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फसलों की जल्द कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है, ताकि तेज हवा और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके।

पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में नालंदा में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा दर्ज की गई। पटना समेत कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे और मौसम सामान्य बना रहा। पटना का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भभुआ में 35.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान गया जिले के बेलागंज में 12.0 मिमी, औरंगाबाद के नवीनगर में 8.2 मिमी, मानपुर में 7.0 मिमी, टेकारी में 6.4 मिमी और राजगीर में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा इमामगंज, डोभी, अतरी, डेहरी, कोच और नवादा के कौआकोल में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.