नई दिल्ली: पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज शाम से रात तक भी हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। आकाश में बादल छाए होने के कारण तापमान में गिरावट आई है।
अगले 24 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल को आसमान बादलों से घिरा रहेगा। सुबह से दोपहर के बीच बारिश का दौर आ सकता है और शाम से रात तक भी हल्की बारिश की संभावना है। तेज हवाओं के चलते मौसम और अधिक ठंडा रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30°C से 32°C और न्यूनतम 19°C से 21°C के बीच रहने की संभावना है।
गुरुवार का मौसम रहेगा साफ लेकिन हवाएं तेज़
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम साफ रहेगा। दिन में तेज हवाओं की रफ्तार 30-40 किमी/घंटा तक हो सकती है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30°C से 32°C और 16°C से 18°C के बीच रहने की संभावना है।
हाल ही में हुई बारिश और वायु गुणवत्ता
दिल्ली में मंगलवार सुबह हुई हल्की बारिश से सफदरजंग में 0.4 मिमी, पालम में 1.4 मिमी, लोधी रोड में 1.0 मिमी और आयानगर में 3.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 111 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। बारिश और तेज हवाओं से प्रदूषण में कमी आई है और लोगों को राहत महसूस हो रही है।