राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहे और कई जगहों पर तेज गर्जना भी सुनाई दी।
मौसम में आए इस बदलाव के कारण सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से कुछ जगहों पर आवाजाही प्रभावित होने की भी खबरें सामने आईं।
मौसम विभाग ने पहले ही जारी किया था येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही 15 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया था। इसी को देखते हुए राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। विभाग के अनुसार आज दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि आज सुबह से दोपहर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। बदलते मौसम के चलते लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है।
तापमान में गिरावट की संभावना
शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। विभाग का अनुमान है कि 15 से 18 मार्च के बीच बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है और आने वाले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी।
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का असर
दिल्ली से सटे पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में 15 से 19 मार्च के बीच कई इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।