पूर्वांचल में बदलेगा मौसम का मिजाज, वाराणसी समेत कई जिलों में बादलों की सक्रियता; बारिश-बिजली का अलर्ट जारी

0 196

वाराणसी। नए साल में पहली बार पूर्वांचल सहित वाराणसी के मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग ने क्षेत्र में बादलों की सक्रियता बढ़ने और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। हालांकि, फिलहाल वातावरण में पर्याप्त नमी न होने के कारण व्यापक बारिश की संभावना कम बताई जा रही है, लेकिन मौसम का रुख बदलने की पूरी तैयारी दिख रही है।

सुबह कुहासा, अंचलों में कोहरा, दिन में निकली धूप
मंगलवार की सुबह वाराणसी और आसपास के इलाकों में वातावरण में नमी का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा। पछुआ हवाओं के प्रभाव से ठंडक के साथ हल्की गलन महसूस की गई। शहर में सुबह कुहासा छाया रहा, जबकि ग्रामीण अंचलों में कोहरे का असर अधिक देखने को मिला। दिन चढ़ने के साथ करीब आठ बजे धूप निकलने लगी, जिससे कुहासा और कोहरा छंट गया और ठंडक का अहसास गुनगुनी धूप में तब्दील हो गया।

पछुआ और नमी मिले तो पूर्वांचल तक पहुंचेंगे बादल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यदि पछुआ हवाओं के साथ वातावरण में नमी बढ़ती है तो मध्य उत्तर प्रदेश से सक्रिय बादल पूर्वांचल तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। यह इस सीजन में दूसरी बार हो सकता है, जब पूर्वांचल में बादलों के साथ हल्की बारिश दर्ज की जाए।

तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज
बीते 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान आर्द्रता न्यूनतम 69 प्रतिशत और अधिकतम 90 प्रतिशत तक दर्ज की गई।

खेती को राहत, मौसम में स्थिरता की उम्मीद
मौसम विभाग का कहना है कि नमी में इजाफा और पछुआ हवाओं का साथ मिलने पर पूर्वांचल के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे खेतों को राहत मिलने की संभावना है और आने वाले दिनों में मौसम का उतार-चढ़ाव कुछ हद तक कम हो सकता है।

इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है और सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.