Weather Report Today: सर्दी धीरे-धीरे कह रही अलविदा, दिल्ली-यूपी और राजस्थान में बारिश का अलर्ट, जानें ताजा मौसम अपडेट
Weather Report 22 January 2026: देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। उत्तर भारत में सर्दी अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ती नजर आ रही है, जबकि दूसरी ओर बारिश और तेज हवाओं की दस्तक होने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की सक्रियता के चलते 22 और 23 जनवरी 2026 को वेस्टर्न हिमालयन क्षेत्रों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
नॉर्थ-वेस्ट इंडिया के मैदानी इलाकों में भी मौसम करवट लेगा। यहां कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने, ओले गिरने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-यूपी और राजस्थान में कब बरसेंगे मेघा?
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार यानी 23 जनवरी को बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आसमान में बिजली कड़कने की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 23 और 24 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इन दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बिजली चमकने के संकेत हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी 23 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
कहां बढ़ेगा 2 से 4 डिग्री तक तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 26 से 28 जनवरी 2026 के बीच नॉर्थ-वेस्ट इंडिया को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। फिर एक बार दोबारा न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सेंट्रल इंडिया में अगले दो दिन कैसी रहेगी ठंड?
सेंट्रल इंडिया के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद के दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद फिर से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। महाराष्ट्र में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, हालांकि इसके बाद किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
गुजरात में न्यूनतम तापमान का क्या रहेगा हाल?
गुजरात में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद के दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। फिर इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के अन्य हिस्सों में भी फिलहाल न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।