Weather Update: महाराष्ट्र में मानसून ने तोड़ा 35 साल का रिकॉर्ड, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, जानिए अपने राज्य का हाल
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में आज भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल और दक्षिणी राज्यों में दस्तक दे दी है, जिसके चलते आज दक्षिण और पश्चिमी तटीय इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो धूल भरी आंधी का रूप ले सकती है।
5 राज्यों में पहुंचा मानसून
24 मई को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु को कवर करने के बाद 25 मई को मानसून पूरे गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को कवर कर चुका है। रविवार को 35 साल बाद तय समय से पहले महाराष्ट्र में मानसून पहुंचा। आमतौर पर राज्य में मानसून 5 जून के आसपास प्रवेश करता है। इस बार यह 10 दिन पहले पहुंचा। इससे पहले 1990 में यह 20 मई को पहुंचा था।
यूपी में उमस भरी गर्मी
उत्तर प्रदेश में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आईएमडी ने 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी शामिल है।
बिहार में भारी बारिश
बिहार के 27 जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी और पूर्णिया जैसे जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, और कुछ इलाकों में आंधी और ओलावृष्टि की भी चेतावनी है। अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री और न्यूनतम 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में भीषण गर्मी
भीषण गर्मी की लहर पश्चिमी राजस्थान में जारी रहेगी, जहां अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। धूल भरी आंधी (40-50 किमी प्रति घंटे) की संभावना है। जयपुर और पूर्वी राजस्थान के आसपास के इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। जयपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश
महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के साथ, मुंबई, कोंकण और गोवा क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की उम्मीद है। मुंबई में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। विदर्भ क्षेत्र में हल्की बारिश और तेज हवाएं (50-60 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है।
रविवार को पुणे जिले में भारी बारिश हुई। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फट गया। इससे कई नदियां और नाले अचानक उफान पर आ गए। यहां कई गाड़ियां बह गईं, एक ट्रैक्टर भी पानी में डूब गया। पुणे के बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। यहां बचाव के लिए NDRF की 2 टीमें तैनात की गई हैं।