Weather Update: …मौसम ने ली अंगड़ाई, दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी; रोमंटिक हुई आब-ओ-हवा
नई दिल्ली: दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में पिछले 24 घंटे से बारिश जारी है। शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश देखने को मिली। मौसम ठंडा हो गया है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का पारा चढ़ा हुआ था, ऐसे में आसमान से बरस रही फुहारों ने लोगों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली का मौसम इस समय बदल रहा है। शुक्रवार सुबह ठंडक रही, फिर दोपहर में गर्मी बढ़ी और रात में बूंदाबांदी हुई।
हालांकि आज से मौसम साफ हो जाएगा और तापमान एक बार फिर बढ़ने लगेगा। अब अगले 5 से 6 दिन तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.9 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 56 से 75 फीसदी रहा। शाम को भी राजधानी के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
दिल्ली में कैसा होगा आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग, पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर में बूंदाबांदी हुई। पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रह सकता है। 2 से 6 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

4 और 5 मार्च को तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री रह सकता है। स्काईमेट के अनुसार 2 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। हालांकि, दिल्ली इस सिस्टम के बाहरी इलाके में रहेगी। इसलिए यहां बारिश की संभावना कम है।
हिमाचल में बर्फबारी और बारिश
हिमाचल में भारी बर्फबारी और बारिश हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को भारी बर्फबारी और बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। कई प्रमुख सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात बंद कर दिया गया। इसके चलते कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राज्य भर में करीब 200 सड़कें बंद हो गई हैं।
बर्फबारी और बारिश से कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और शिमला जिलों के कई इलाके राज्य के बाकी हिस्सों से कट गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में लगातार तीसरे दिन रुक-रुक कर बर्फबारी और बारिश होने के कारण राजमार्गों पर आवाजाही ठप हो गई है। चंबा और मनाली में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं।