यूपी में फिर बदलेगा मौसम: 3 दिन तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

0 106

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 अप्रैल से 5 अप्रैल के बीच मौसम काफी सक्रिय रहेगा, जिससे जनजीवन और खासकर किसानों पर असर पड़ सकता है।

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अलग-अलग दिन असर

मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश यानी पूर्वांचल में 4 और 5 अप्रैल को मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 और 5 अप्रैल को पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज आंधी और बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है, जिससे गेहूं की कटाई और मड़ाई कर रहे किसानों की चिंता बढ़ सकती है।

इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

शुक्रवार से रविवार के बीच अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़, जौनपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रवि दास नगर, फर्रुखाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

पहले भी दिखा असर, आज रहेगा मौसम साफ

इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी। जौनपुर और प्रयागराज समेत कुछ जिलों में ओले भी गिरे थे। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.