कौन हैं मुकुल चौधरी? 21 साल के युवा बल्लेबाज ने छक्कों की आंधी से पलटा हारा हुआ मैच, लखनऊ ने कोलकाता को आखिरी गेंद पर दी मात
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। इस जीत के सबसे बड़े हीरो 21 वर्षीय युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने दबाव में नाबाद अर्धशतक जड़कर मैच का रुख ही बदल दिया।
मुकुल चौधरी की तूफानी पारी ने बदला मैच का नक्शा
लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 128 रन पर 7 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी और मुकाबला पूरी तरह कोलकाता के पक्ष में नजर आ रहा था। ऐसे में मुकुल चौधरी ने जिम्मेदारी संभाली और 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 छक्के और 2 चौके शामिल रहे, जिसने मैच को पूरी तरह पलट दिया।
मुकुल ने 17वें ओवर में वैभव अरोड़ा पर चौका और छक्का जड़ा, इसके बाद 18वें ओवर में कार्तिक त्यागी को लगातार दो छक्के लगाए। 19वें ओवर में उन्होंने कैमरन ग्रीन को भी निशाना बनाते हुए दो छक्के और एक चौका जड़ दिया, जिससे लखनऊ की वापसी मजबूत हो गई।
आखिरी ओवर का रोमांच, मुकुल ने दिखाया दम
अंतिम ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। पहली गेंद पर आवेश खान ने एक रन लिया, इसके बाद मुकुल ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर दबाव कम किया। हालांकि अगली दो गेंदें डॉट रहीं, लेकिन पांचवीं गेंद पर मुकुल ने फिर छक्का जड़ दिया। आखिरी गेंद पर 1 रन की जरूरत थी, मुकुल शॉट कनेक्ट नहीं कर पाए, लेकिन बाय के जरिए टीम ने जीत हासिल कर ली।
कौन हैं मुकुल चौधरी? जानिए पूरा प्रोफाइल
मुकुल चौधरी दाएं हाथ के आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं। उनका जन्म 6 अगस्त 2004 को राजस्थान के झुंझुनू में हुआ था। वह घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं और अपने आक्रामक खेल के लिए पहचाने जाते हैं।
घरेलू करियर की बात करें तो मुकुल ने अब तक 4 फर्स्ट क्लास मैचों में 103 रन, 5 लिस्ट-ए मुकाबलों में 71 रन और 10 टी20 मैचों में 280 रन बनाए हैं। टी20 में उनका औसत 46.66 और स्ट्राइक रेट 164.70 रहा है, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से बनाई पहचान
मुकुल चौधरी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने 5 पारियों में 57.66 की औसत और 198.85 की स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए थे, जिसमें 10 चौके और 13 छक्के शामिल रहे।
आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 30 लाख के बेस प्राइस के मुकाबले 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो उनकी प्रतिभा पर टीम के भरोसे को दर्शाता है।
कोलकाता की मजबूत बल्लेबाजी भी नहीं बचा सकी मैच
पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 181 रन बनाए। टीम के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 45 रन, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 41 रन, रोवमैन पॉवेल ने नाबाद 39 और कैमरन ग्रीन ने नाबाद 32 रन का योगदान दिया। पॉवेल और ग्रीन के बीच 70 रनों की अहम साझेदारी हुई।
लखनऊ की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बाद में विकेट गिरते गए। एडेन मार्करम (22), मिचेल मार्श (15), कप्तान ऋषभ पंत (10), निकोलस पूरन (13) और अब्दुल समद (2) बड़ी पारी नहीं खेल सके। आयुष बदोनी ने 54 रन बनाकर टीम को संभाला, लेकिन उनके आउट होने के बाद मैच लगभग खत्म माना जा रहा था। ऐसे में मुकुल चौधरी ने ‘फिनिशर’ की भूमिका निभाते हुए अकेले दम पर टीम को जीत दिला दी।