नोएडा में ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ अभियान की शुरुआत, महिला कर्मियों के सम्मान के साथ 7 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ

0 19

नोएडा प्राधिकरण की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ नाम से सात दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता में महिलाओं की भूमिका और नारी सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी और पूरे सप्ताह चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।

सात दिनों तक अलग-अलग थीम पर होंगे कार्यक्रम

इस अभियान के तहत 9 मार्च से 14 मार्च 2026 तक विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
9 मार्च को स्वच्छता जागरूकता वॉक और साड़ी वॉकथॉन का आयोजन किया गया।
10 मार्च को महिला स्वच्छता चैंपियंस को समर्पित गतिविधियां होंगी।
11 मार्च को महिला स्वच्छता चैंपियंस के तहत प्रेरणादायक कहानियों को साझा किया जाएगा।
12 मार्च को ‘अपशिष्ट से धन’ विषय पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
13 मार्च को बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की भागीदारी के साथ सामुदायिक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
14 मार्च को महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक, कविता और गीत जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महिला सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर

कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत स्वच्छता से जुड़ी महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में फेलिक्स अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें लगभग 450 महिला कर्मियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

जुम्बा और सांस्कृतिक गतिविधियों में दिखा उत्साह

महिला कर्मचारियों के लिए शारीरिक व्यायाम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जुम्बा सत्र का भी आयोजन किया गया। इसमें विशेष अतिथियों और प्राधिकरण की महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें रीसाइक्ल्ड प्लास्टिक से बने उत्पाद, खाद यानी कम्पोस्ट से तैयार सामग्री और अपसाइक्ल्ड क्राफ्ट्स को प्रदर्शित किया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

स्वच्छता में योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान

नोएडा क्षेत्र में सफाई कार्यों में अहम भूमिका निभाने वाली सफाई मित्र महिलाओं में सुधा देवी, रीना, शांति देवी, विमलेश सोनू, सविता और ओमवती को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं रानु काडला, अनीता जोशी, गरिमा त्रिपाठी, गीता नाथ, श्रेय शर्मा, अंजली सचदेवा, नमिता चौबे, कविता जिंदल, रितिका तनेजा, माया कुलश्रेष्ठ, डॉ. अनुपमा बिसारिया और अनिता अरोड़ा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया और कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्राधिकरण लगातार प्रतिबद्ध है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.